Tuesday, April 7, 2015

सागर, धरती और बादल

 
 

सागर की लहरों पर तैरते बादलों के टुकड़े देख
 मैं समझ नहीं  पाया उनका साथ
  कितने दूर लगते थे  ज़मीन से उनके रिश्ते
   दूर क्षितिज पर ही मिलते होंगे ये  सोचता था मैं
    रेतीले किनारों पर धरती ने सागर को  बांध रखा है ऐसे 
     कि बादलों से सागर को कभी मिलने न देगी जैसे
मैं आसमान में बैठा देखता हूँ  ये सब
  लहरों की छटपटाहट
   रेत पर उसकी धरती से लड़ाई
     धरती से अपना हाथ छुड़ाने के उनकी कोशिश
       कि मिल सकें बादलों से
        धरती पर अपनी अकड़ में जाने नहीं देती उन्हें
धरती को लगता है की  लहरों को रोक लेगी
  बादलों से मिलने से
   उसे क्या पता नासमझ को
     कि जिस प्यार को किनारों से पकड़ रखा है उसने
       आसमान से देखो तो उसके तन मन पर
        सिर्फ बादल ही बादल हैं। .


 

Tuesday, January 28, 2014

मैं नासमझ ..

 मेरी खिड़की के बाहर का वो पेड़
उस  से ज्यादा मुझे गुजरते वक्त का एहसास कोई  नहीं दिलाता
नए पत्ते नयी डालियाँ
नयी कोपलें नयी बौरें
उनका वो नया हरा रंग
सब मुझे देख मुस्काते हैं,
"तुम तो बरसों पुराने हो गए हो "
यही कह कह चिढ़ाते हैं
मैं भी अकड़ कर मुह बनाता हूँ
"मैं पुराना ही सही अब तक नाबाद हूँ ,
हैसियत ही क्या है तुम्हारी ,
तुम्हारी तरह आता जाता नहीं "
पर वक्त  और मौसम के थपेड़े
जितने वो देखते हैं
उसका एक हिस्सा भी मेरे नसीब नहीं आता
न मैंने  धूप में जिंदगी बितायी
न कभी ठिठुरती ठंड में रात बितायी
फिर भी मैं नाबाद होने का घमंड करता हूँ
डाल पर लगे पत्ते मेरी इसी बेवकूफी पर
हस हस कर डाल से गिर  जाते हैं
और मैं नासमझ उसे पतझड़  समझ बैठता हूँ

Monday, January 13, 2014

पूछा आज सुबह खुद से..

आज मैंने अपनी किताब से दो पन्ने गायब देखे
हताशा में आगे पीछे के पन्ने गिने
पर कोई फायदा न हुआ
खैर उस किताब को बगल में रख
आगे बढ़ गया
बरसों से अपनी जिंदगी के अनचाहे पन्नों को
बगैर सोचे मैं निकाल कर फेकता रहा हूँ
कोई मेरी जिंदगी कि किताब पढ़ने बैठा तो
कितना हताश और परेशां होगा
पहले के सालों से तो जैसे कोई रिश्ता ही नहीं रहा मेरा
मैं अपने बचपन स्कूल या कॉलेज को
मेरे दोस्तों कि तरह याद नहीं करता
शायद कभी नहीं करता
फिर सोचता हूँ अभी मेरी जिंदगी पहले से
कहीं ज्यादा खुश और रोमांचक है
इसीलिए शायद पुरानी बातें याद नहीं आती
सच में ऐसा है क्या ?
पूछा आज सुबह खुद से
अब तक जवाब नहीं आया !!

Monday, January 21, 2013

यादों की लाशें ..

अधमरी सी सुबह में

तुम्हे बर्फ में लाशें खोजते देखा

कल रात क्या हुआ

कुछ बताओगी

तुम्हारी ऑंखें खुली हुई थीं

पर होश में नहीं लग रही थी तुम

सहमी हुई तो नहीं

पर बिखरी हुई लग रही थी

क्या हुआ अगर वो नहीं रहा

और आएंगे

तुम्हरे ज़हन में बरसों से जमी बर्फ से

उसकी यादों की लाशें मत उखाड़ो ..

Monday, January 14, 2013

सच से होते हैं अनजान ये चेहरे ..


भीड़ में हसते चेहरे

खोये खोये बदहवास चेहरे

झूठ बोलते चेहरे

प्यार के वादे करते चेहरे

मुझे अकेला देख अपने अकेलेपन से डरते चेहरे

उसी डर को छुपाने को किसी और का हाथ पकड़ मुस्कुराते चेहरे

छोटे लकड़ी के ठेलों के पीछे खड़े उदास चहरे

उन्ही ठेलों पर बेफालतू बातें बनाते चेहरे

अपनी रोजी रोटी कमाने में मशगूल चेहरे

तरह तरह के चेहरे दिखते हैं बाजार में

सब में बस एक समानता होती है

सच से होते हैं अनजान ये चेहरे

Tuesday, January 8, 2013

रूद्रके तांडव की राह देख रहा हूँ ..

संवेदनशीलता का उड़ता उपहास देख रहाहूँ

महाभारत से अबतक सिर्फ येबदलाव देख रहा हूँ

द्रौपदी चीर हरण पर महात्माओं ने तब नजरें झुकली थीं

अब तो सब पर दुह्स्सासन का प्रभाव देख रहा हूँ

मनु पुत्र अब कहाँगए , कहाँ गए सब धर्मराज

दानवों के अट्ठाहसमें , उनके बढ़ते दुस्साहस से

धर्म का प्रतिपलनाश देख रहा हूँ

मानवता पर भीषणअत्याचार देख रहा हूँ

देख रहा हूँ अर्थियों पर होती राजनीति

क्षेत्रवाद से हताहत एक राष्ट्र देख रहा हूँ

कलि के युगका अंत करोअब हे प्रभु

प्रलय वाहक रूद्रके तांडव की राह देख रहा हूँ

Sunday, January 6, 2013

और क्या लिखूं ..

क्या लिख रहे हो

पान वाले भैया ने पूछा मुझसे

"सोच रहा हूँ क्या लिखूं ,

ख्वाबों पर लिख चुका  हूँ

 सच झूठ सब लिख चुका हूँ

किसी के साथ और अकेलेपन पर

बंद खिडकियों और बंद दरवाजों

सब पर लिख चुका हूँ

लिख चुका हूँ आँखों पर

उन होठों पर लिख चुका हूँ

खुली बाँहों और बंद दिलों पर लिख चुका हूँ

छोटी गुड़िया पर लिख चुका हूँ और

सफ़ेद बालों वाली बुढ़िया पर लिख चुका हूँ

भ्रष्ट नेताओं पर और कामचोर बाबुओं पर लिख चुका हूँ

लिख चुका हूँ   अपने दिल का हाल

अपने देश के हालात  भी लिख चुका हूँ

अब तुम ही  बताओ भैया

और क्या लिखूं "





Wednesday, June 27, 2012

तसल्ली मत दे मुझको मेरे मालिक ..

ज़िन्दगी की तंग बेरंग गलियों में रहा बैठा बरसो


अब उस की गलियों में बदतमीजियों का मजा आ रहा है

सलीके से जीने में क्या रखा है यारों

अब बेपरवाह आवारगी में बड़ा मजा आ रहा है

डाल से टूट नदिया में गिरा तो गम नहीं

नदिया के धारे में रपटने में मजा आ रहा है

तसल्ली मत दे मुझको मेरे मालिक

अब इन बढती बेचैनियों में मजा आ रहा है !!

Wednesday, June 20, 2012

शौक

आबेज़ार से किस्मत लिखी मेरी


की आबिद को शौक हज़ार दिए

बदबख्ती ये की न दिया तो इक एक वक़्त

न मौज में डूबे हुए हमराह ही दिए



Tuesday, June 19, 2012

माँ भारती का क्रोध

मेरी चीत्कार से भी न खुली


जो आखें उनको बंद कर दो

मेरी रक्षा में उठे न जो

वो हाथ अपने छिन्न कर दो

कभी मेरे  ही आँगन में जो खेली

वो जवानी नष्ट कर दो

भ्रष्ट है सारी ही दुनिया

अब प्रलय का संधान कर दो

राम के तरकश में देखो

तीर अब भी अनगिनत हैं

कर दो चढ़ाई निडर हो

कलियुगी मानव पे अब तो

Monday, June 18, 2012

मैं एक एक पल बेमतलब जिए जा रहा हूँ

फासले मेरी मंजिलों से लगातार बढ़ रहे हैं


एक मैं हूँ की शिद्दत ही नहीं ला पा रहा हूँ

चाहतों के सिलसिले छोटे नहीं

पर ख्वाबों के बाद अपनी आँखें नहीं मसल पा रहा हूँ

इस खुमारी से निकलना बड़ा मुश्किल है

मैं एक एक पल बेमतलब जिए जा रहा हूँ


Thursday, June 14, 2012

सबको अपना काम बे-आराम करते देखता हूँ

समंदर की लहरों को देखता हूँ


बिना थके

इधर से उधर उधर से इधर

छप्प्क छप्प्पक जूम sssssrsrrrr



उगते सूरज को सुबह और

डूबते को हर शाम देखता हूँ

चंदा की भी वही कहानी है

बस उसको बेमतलब आवारा

बिना काम देखता हूँ

नदिया की लहरों का

क्या कहूँ

उसको तो बस इक तरफ दौड़ते

हर मौसम आम देखता हूँ



उन हसते हुए फूलों को देखो

हसते खिलखिलाते

कली से उन्हें मुरझाते तमाम देखता हूँ

धरती मैय्या का बलिदान देखो

हमे अपने ऊपर धोते

घुमडैया घुमडैया खेलते

थक कर बे-आराम देखता हूँ

Wednesday, June 6, 2012

जिंदा रहना मरने से कहीं अच्छा है शायद

जाने कब से ज़िन्दगी को कोस रहा हूँ


मौत की तारीफें कर रहा हूँ

ऊपर वाले की इस देन को

तोहफा समझूं या सजा

यही नहीं समझ आता

जब भी कहीं दुःख और परेशानी दिखती है

मन भर आता है

एक पल को भी सहा नहीं जाता

सोचता हूँ क्या जीना इतना जरुरी है

ये ज़िन्दगी अपना गुलाम बना कर राखी है सबको

कितनी बुराइयाँ कर चुका हूँ उसकी

पर मरने की दुआ मांगने की हिम्मत भी तो नहीं होती

जिंदा रहना मरने से कहीं अच्छा है शायद !

Thursday, May 24, 2012

life को compress कर थोडा ..

मैं छोटा सा नन्हा सा था


जब माँ की गोदी में था

घुटनों के बल चलता था

अपने घर के आँगन को मैं

खुशियों से भर देता था

फिर आया प्यारा सा बचपन

खेल खिलोने लाया बचपन

गाँव के खलिहानों में

खेतों में बाजारों में

तफरी खूब मचाता बचपन

बचपन से यौवन फिर आया

अपने संग रवानी लाया

खेल खिलोने सब बदल गए

मौजों के वो सावन लाया

पतझड़ में वो गरम पियाली

बारिश में गरम समोसे लाया

टिप टिप गिरती बूंदों के संग

प्रेम ने मुझको नाच नचाया

यौवन का ये रास रंग

प्रतिदिन होली और दिवाली लाया

समय बीत गया कब कैसे

कोई न चेतावनी लाया



जीवन होता थोडा ही

बस बचपन और जवानी लता

नहीं बुढ़ापा नहीं बीमारी

तेरे दर मैं हँसता आता

करूँ प्रार्थना तुझसे से हे हरि

life को compress कर थोडा

दे खुशियों से भर इसको दाता !

Tuesday, May 22, 2012

प्रेम

तुम सकुचाये पल भर को

नयना दृग भर आये यूँ

दूर तलक फैले नभ में

मेघ तभी घिर आये ज्यूँ

मतवारे मन के आँगन में

हस के फूल खिलने वालों

गरज बरसती बारिश में यूँ

नृत्य सुधा बरसाने वालों

गिरिधर के न आने से ये रास नहीं रुका करता है

कुछ पल दूर बिताने से ये प्रेम नहीं मरा करता है !!

Monday, May 21, 2012

समंदर की लहरों पर तैरती राख सा

इन्तेजार की हद बीती


हर गुजरते साये के संग

टकटकी लगी नज़रों पे अब

कुछ तो रहम कर

शर्मिंदा मैं क्यूँ होऊं सोचता हूँ

मैं पहुच गया तू ही नहीं आई

समंदर की लहरों पर तैरती राख सा हूँ

बरबस उछलता और गिरता

किनारे पर तुझसे मिलन की आस में

राख बन रेत पर फैला हुआ हूँ

राह देखता हूँ तेरी

कभी किसी शाम मुझ पर भी नंगे पैर चल ..

Friday, April 20, 2012

बेटी की विदाई ..

माँ की तीसरी बेटी की विदाई है


दामाद जी सामने बैठे हैं

"बेटा ये भी ले लो ,

वो तुम्हारी माँ की साड़ी रख दी है ,

आलता और चूड़ी भी ,

समधी जी की पैंट शर्ट भी रखी है ,

मेरी बेटी ने खाया नहीं है कल से कुछ ,

रास्ता लम्बा है आपके घर तक ,

रस्ते में पूछ लीजियेगा

वो खुद नहीं मांगेगी , बड़े नाजों से पाला है "

माँ की आवाज काप रही है

आंसू दिख नहीं रहे हैं

अपने आंसूं खुद हे पिए जा रही है माँ

ख़ुशी का मौका जो है

"बेटा आपकी माँ की तबियत अब कैसी है ,

अरे सुनिए जी ! दामाद जी के परिवार को चौथ का न्योता भी दिए दे रही हूँ

रुमाल पर हल्दी लगा है, ले लीजिये "

दामाद जी के दोस्तों को भी उतना ही प्यार दे रही है माँ ,

"अरे बाबु को दो न, पानी कहाँ है, चाय लाओ

थोडा सा चाय पी लीजिये प्लीज़ "

माँ हसना चाह रही है , कन्यादान का सुख जो है

गर्व भी है

तीन तीन बेटियों का कन्यादान , किसी तीर्थ की अब जरूरत जो नहीं ,

प्यार से पाली बेटी किसी और की हो चुकी है

अब नहीं रुका जा रहा है माँ से ,

आंसू बहने लगे हैं

बेटी को गले लगा कर बोली ,

"बेटी तुम्हे तो कुछ बताने की जरुरत नहीं , अपनी नयी माँ का ख्याल रखना !! "

माँ बाहर तक भी नहीं आई नयी कार में बैठाने बेटी को

आंसुओ का बोझ बेटी का रास्ता भरी न कर दे !!

Thursday, November 17, 2011

हर रात अकेला बैठा.. One of those many absurd thoughts..

हर रात अकेला बैठा किताब के पन्ने पलटता हूँ ,

आज भी कोई अलग नहीं

कोई आहट भी तो नहीं होती आँगन में ,

दरवाजे पर कोई कान लगाये सुन तो नहीं रहा है ,

झटपट पलट देखता हूँ ,

कहीं तुम तो नहीं ,

तम्हारी मुझे डरा देने की आदत कभी जाएगी नहीं,

पर अच्छा है ,

हाथ में कलम लिए पन्नों को घूर रहा हूँ कब से ,

अल्फाज़ मिल नहीं रहे हैं जैसे,

दो ही तो थीं जो मुझे जिन्दा रखे थीं ..

तुम और मेरी कवितायेँ..

दोनों एक साथ चली गयीं कहीं ..

आ जाओ बस आखिरी बार सही ,

एक छोटा सा चीटा बार बार दौड़ मेरी और आ रहा है ,

कहीं तुमने तो नहीं भेजा उसे ,

क्या बकवास !

पागल हो गया हूँ लगता है ,

आज तो गली में कुत्ते भी नहीं भोंक रहे हैं ,

उन्हें भी पता है

कोई फायदा नहीं,

ऐसे भी जग ही रहा हूँ मैं ,

क्या करूँ ; तुम्हारी याद सोने ही नहीं देती !!

Sunday, September 25, 2011

शिकायत

गहराइयों में डूबे अक्सर समंदर को कोसा करते हैं,
तलहटी में गन्दगी सही , चलो मान लिया तुम्हारा दिल साफ़ है !!

खोयी आवाज़ मेरी शोर के बीचोबीच कहीं,
तुमने पलट का खोजने की कोशिश भी तो नहीं की !!

जिस्म पर लिबास बदलने में बहुत वक़्त लिया तुमने,
कभी मेरे जख्मो पर मलहम लगाने की कोशिश भी तो नहीं की !!

खिड़की के बहार देखता रहा मैं अक्सर तुम्हारी राह,
तुमने एक ख़त लिख कर अपने ना आने की खबर तक तो न दी !!

Tuesday, April 5, 2011

देशद्रोही

मातृभूमि की कोख में बढ़ कर
रे अधम नीच ये क्या कर बैठा
जिस आँचल तेरा बचपन खेला
उसको ही मैला कर बैठा ??

दर्पण में कैसे देखेगा
रे मुर्ख कभी तू अपना ये मुख
जिस थाली में क्षुधा मिटाई
उसको ही छलनी कर बैठा ?

मान भूल गया अपना तू क्या
अरि को ही अपना कर बैठा
रे दुष्ट न बन वो कायर जो
राष्ट्र मान बौना कर बैठा ...